पीलीभीत जिले के दियोरिया थाना क्षेत्र के पंसड़ी गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। सात महीने पहले छेड़छाड़ के मामले में शुरू हुई रंजिश अब हत्या में बदल गई। आरोप है कि उसी विवाद से जुड़े आठ हमलावर युवक के घर में घुस आए और उसे घेरकर गोलियां बरसा दीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आठ हमलावर घुस आए घर में
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि मृतक शाम के समय घर पर था, तभी मुरारी लाल, मेवाराम, बादशाह, राम औतार, अमन, शिवम, आशीष कुमार और सूरजपाल हथियारों से लैस होकर घर में दाखिल हुए। परिवार वालों के अनुसार हमलावरों ने पहले युवक को चारों ओर से घेर लिया और फिर लगातार फायरिंग की।
घटना के दौरान घर की महिलाओं ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर सभी आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, घर में घुसकर हमला, महिला से मारपीट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
परिवार से बातचीत के बाद तीन पुलिसकर्मी निलंबित
एसपी अभिषेक यादव घटना के बाद रात में ही मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उन्हें बताया कि छेड़खानी और पूर्व में हुई फायरिंग की शिकायत कई बार पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पहली नज़र में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसपी ने थाना अध्यक्ष दिगंबर सिंह, हल्का इंचार्ज, और बीट आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप
परिजन का कहना है कि यदि सात महीने पहले छेड़छाड़ और फायरिंग की शिकायत पर पुलिस समय रहते कदम उठा लेती, तो शायद आरोपी इतना साहस न जुटाते। परिजन अब जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।