बालाघाट जिले के मठारी गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी सगी बहन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह ग्रामीणों के जरिए पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद बिरसा थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच की।
पोस्टमॉर्टम बुधवार को होगा
शव को पंचनामा तैयार कर बिरसा अस्पताल भेजा गया। मृतका की पहचान 42 वर्षीय सोनवतीबाई पत्नी चैतराम धुर्वे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम बुधवार को कराया जाएगा।
10 साल पुराने चांदी के विवाद ने ली जान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका और उसके भाई पंचू पिता धरम सिंह परते के बीच करीब एक दशक पुराना विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि सोनवतीबाई ने वर्षों पहले पंचू को चांदी दी थी, जिसे उसने बेच दिया था। तब से वह पैसे या चांदी वापस मांग रही थी। इसी चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।
सोमवार रात भी इसी मुद्दे पर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर पंचू ने कुल्हाड़ी से बहन पर हमला कर दिया। घटना के बाद वह घर से फरार हो गया। खास बात यह है कि पंचू अपनी बहन के घर में ही रहता था।
आरोपी की तलाश तेज
थाना प्रभारी रेवलसिंह बरडे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में दबिश दे रही है और जल्द पकड़े जाने की संभावना जताई जा रही है।