नालंदा जिले के हरनौत रेलवे स्टेशन पर देर रात एक मार्मिक हादसा सामने आया, जहां ट्रेन से उतरते समय संतुलन बिगड़ जाने के कारण 60 वर्षीय बासो पासवान की मौत हो गई। घटना बख्तियारपुर–राजगीर रेलखंड पर हुई, जिसने पूरे परिवार को शोकाकुल कर दिया है।
मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के हासनचक गांव निवासी बासो पासवान के रूप में की गई है। वह अपनी पत्नी उरो देवी के साथ पटना से लौट रहे थे। बताया गया कि दंपति कुछ दिन पहले नेपाल आंख का इलाज कराने गए थे और बुधवार रात पटना से हरनौत लौटने के लिए फास्ट पैसेंजर ट्रेन पकड़ी थी।
स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही बासो पासवान उतरने लगे, लेकिन अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर प्लेटफॉर्म के नीचे जा गिरे। गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी उरो देवी ने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई।
परिवार के अनुसार, बासो पासवान की पांच विवाहित बेटियां हैं और घर में पति–पत्नी ही अकेले रहते थे। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सूचना मिलते ही बिहार शरीफ रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेल थाना प्रभारी संजय कुमार पंडित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का ही प्रतीत होता है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।