नालंदा जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र में बीती रात हुई एक और बड़ी चोरी ने बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित जगदम्बा ज्वेलरी में सेंधमारी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर
दुकान मालिक चंदन वर्मा ने बताया कि बदमाशों ने दुकान की पिछली दीवार में बड़ा सा छेद कर अंदर प्रवेश किया। उसके बाद मुख्य तिजोरी का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। चोरी हुए गहनों में ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए दिए गए जेवर भी शामिल थे।
चंदन वर्मा का कहना है—
“मेहनत की पूरी कमाई खत्म हो गई… सब कुछ लुट गया।”
बाजार में लगातार बढ़ रही वारदातें
स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक यह पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ महीनों से छबीलापुर बाजार में कई दुकानों में इसी तरह सेंधमारी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी केस का खुलासा नहीं कर सकी है।
व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई से चोरों का हौसला लगातार बढ़ रहा है।
गुस्से में व्यापारी, सड़क किया जाम
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों ने राजगीर-छबीलापुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे लंबी दूरी तक वाहनों की कतारें लग गईं। उनकी मांग है कि—
-
चोरों की तुरंत गिरफ्तारी हो
-
नुकसान उठाने वाले कारोबारी को मुआवजा मिले
-
बाजार में चौकसी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और सख्त किया जाएगा।
पुलिस ने क्या कहा?
छबीलापुर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लेकिन व्यापारियों का कहना है कि उन्हें अब सिर्फ आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहिए।