जिला अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी शनिवार को अचानक अफरा-तफरी का केंद्र बन गई, जब एक महिला ने अपने पुलिसकर्मी पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि चौकी के अंदर ही मारपीट की नौबत आ गई और मामले को शांत कराने के लिए दोनों पक्षों को कोतवाली ले जाना पड़ा।
कैसे शुरू हुआ विवाद
सूत्रों के अनुसार, नागौद थाने में तैनात एएसआई रामायण सिंह शनिवार को किसी काम से जिला अस्पताल पहुंचे थे। उनके साथ एक महिला और एक छोटा बच्चा भी मौजूद था। इसी दौरान अचानक एएसआई की पत्नी भी वहाँ आ गईं। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर वह अपना आपा खो बैठीं और मौके पर ही जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
चंद ही मिनटों में माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि एएसआई की पत्नी ने चौकी के भीतर ही पति को कई बार थप्पड़ जड़ दिए। आरोपों और चिल्लाहट के बीच एएसआई अपनी सफाई पेश करने की कोशिश करते रहे, लेकिन गुस्से में भरी पत्नी बार-बार उन पर बेवफाई के गंभीर आरोप लगाती रहीं।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस चौकी में मौजूद कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया और विवाद को शांत करने की कोशिश की। बाद में दोनों पक्षों को कानूनी औपचारिकताओं के लिए कोतवाली भेजा गया।
