मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के बलदेवपुरी वसंत विहार चौक पर सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब बजरंग दल के सूरज नगर खंड संयोजक शोभित ठाकुर उर्फ भूरा (20) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद करीब चार महीने पहले इंस्टाग्राम पर एक लड़की को लेकर शुरू हुआ था।
वारदात के बाद गुस्साए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर करीब दो घंटे तक जमकर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को काबू में लाने के लिए चार थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।
चार आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में जतिन उर्फ लाला, अक्कू शर्मा, अविनाश पासी और रोहित जाटव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, शोभित अपने दोस्तों गौतम कश्यप, आदित्य और रोहित के साथ घूमने निकला था। शाम करीब पांच बजे बलदेवपुरी चौराहे पर चारों आरोपी पहुंचे और शोभित को घेर लिया। इसी दौरान अक्कू शर्मा ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल शोभित को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विवाद की जड़ इंस्टाग्राम पर बहस
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शोभित और अविनाश के बीच चार माह पहले एक लड़की को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में यह हत्या की गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
थाने के बाहर दो घंटे तक हंगामा
घटना की खबर फैलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता कटघर थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ने पर एसपी सिटी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कटघर क्षेत्र के गुलाबबाड़ी चुंगी निवासी घनश्याम ठाकुर के इकलौते बेटे शोभित की मौत से परिवार सदमे में है। फैक्ट्री में काम करने वाले घनश्याम की पांच बेटियां हैं — जिनमें दो की शादी हो चुकी है। मां नीरज और तीनों अविवाहित बहनें बदहवास हैं। घर में मातम पसरा हुआ है।