लुधियाना के किला रायपुर एरिया की रहने वाली भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक रुपिंदर कौर पंधेर (71) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उनकी हत्या उन्हीं के करीबी सुखजीत सिंह उर्फ सोनू ने की थी, जबकि इंग्लैंड निवासी चरणजीत सिंह चन्नी का भी इसमें नाम सामने आया है।

रिलेशन से शुरू हुआ विवाद, हत्या पर खत्म
जानकारी के अनुसार, रुपिंदर कौर का चरणजीत सिंह चन्नी के साथ रिलेशन था। चन्नी इंग्लैंड चला गया, जिसके बाद रुपिंदर कौर भारत आने पर सुखजीत सिंह सोनू के पास रहती थी। सोनू ही उनके केसों की पैरवी करता था और उसे पावर ऑफ अटॉर्नी भी दी गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और जुलाई में सोनू ने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
शव खुर्द-बुर्द, पुलिस को गुमराह
हत्या के बाद सोनू ने शव को ठिकाने लगाने के साथ-साथ पुलिस को गुमराह करने के लिए रुपिंदर कौर की मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस शुरुआती जांच में बहक गई, लेकिन बाद में गुप्त सूचना पर शक गहराया।
पूछताछ में टूटा सोनू
जांच में पुलिस ने सोनू को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने वारदात कबूल कर ली। सोनू ने बताया कि हत्या उसने चरणजीत सिंह चन्नी के कहने पर की थी। इसके बाद पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चन्नी को नामजद कर लिया गया है।
शव के अवशेषों की तलाश जारी
थाना डेहलों के एसएचओ इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस अभी और सबूत जुटा रही है। रुपिंदर कौर के शव के अवशेषों की तलाश की जा रही है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होंगे।