बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र से मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। ग्राम पिपलिया डेब (चाचरिया चौकी क्षेत्र) में एक महिला ने अपने दो मासूम बेटों को गोद में लेकर कुएं में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि ग्रामीणों ने महिला को बचा लिया, लेकिन दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
सुबह 5 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महिला निरमा बाई सुबह करीब 5 बजे अपने बेटों अरविंद (7) और रविंद्र (6) के साथ घर से निकली थी। परिवार को लगा कि वह शौच के लिए गई है, लेकिन कुछ ही देर बाद शोर मचने पर पता चला कि वह बच्चों सहित कुएं में कूद गई है।
पिता ने कूदकर बचाई बेटी की जान
घटना देख महिला के पिता गोरेलाल और भाई विजय तुरंत कुएं में कूदे और किसी तरह निरमा बाई को बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों ने बच्चों को भी बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस जांच में जुटी
महिला को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों मासूमों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एक दिन पहले कही थी तबीयत खराब
परिजनों ने बताया कि निरमा बाई ने मायके फोन करके एक दिन पहले ही अपनी तबीयत खराब होने की बात कही थी। आठ साल पहले उसकी शादी विकास नामक युवक से हुई थी और दोनों पति-पत्नी मिलकर कुसमी गांव में किराना दुकान चलाते थे। पुलिस यह जांच कर रही है कि आखिर महिला ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।




