बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पसियापुर स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह नवाबगंज सोमवार को विवाद का केंद्र बन गया। गुरुद्वारे पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में कई लोग घायल हो गए, वहीं इलाके में तनाव का माहौल है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्टी सतनाम कौर गुट के लोग गुरुद्वारे पहुंचे और वहां सेवा कर रहे बाबा गुरमीत सिंह गुट के लोगों को हटाने का प्रयास करने लगे। इसको लेकर तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि झगड़े के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई और लाठी-डंडे भी चले।
झड़प में निर्मल सिंह, मंगा सिंह, बाबा राम सिंह और गुरमेल सिंह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अरुण कुमार, सीओ रविंद्र प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए बाबा गुरमीत सिंह गुट को गुरुद्वारे से बाहर रोक दिया। इस कार्रवाई से नाराज लोगों ने पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया और गुरुद्वारे के बाहर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी।
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए जिलेभर के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया है। वहीं, डीएम और एसपी ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर कैंप कर हालात पर नजर बनाए रखी है।