शाहजहांपुर। कोचिंग से घर लौट रहीं चार छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने सरेराह छात्राओं का दुपट्टा खींचा और उन्हें उठा ले जाने की धमकी दी। घटना की शिकायत छात्रा के पिता ने थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामचंद्र मिशन क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी दो बेटियां और दो भतीजियां कोचिंग पढ़ने जाती हैं। रविवार दोपहर जब चारों छात्राएं लौट रही थीं, तभी रास्ते में दुकान पर बैठे चार युवकों ने उन पर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। आरोपियों ने दुपट्टा खींचते हुए कहा कि उठा ले चलो, बाद में 20–25 लाख रुपये खर्च कर मामला निपटा लेंगे।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर मिश्रीपुर मोहल्ले के निवासी फूल मियां, सरताज, हुसैन और सादमान के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुवायां: छात्राओं ने छोड़ी कोचिंग, रास्ते में रोका और की अभद्रता
पुवायां क्षेत्र में भी छात्राओं से अभद्रता का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक गांव की दो छात्राएं कोचिंग पढ़ने जाती थीं। रास्ते में एक छात्र ने उन्हें रोककर अश्लील बातें कीं। जब उन्होंने विरोध किया तो गाली-गलौज और धमकी दी।
छात्राओं ने यह बात शिक्षक को बताई, जिसके बाद आरोपी को कोचिंग से निकाल दिया गया। इससे नाराज होकर उसी छात्र ने घर लौटती छात्राओं को दोबारा रास्ते में रोका और एक को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसे चोट भी आई।
छात्राओं के परिजन शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो वहां परिजनों ने भी गाली-गलौज और धमकी दी। आरोप है कि पुलिस ने पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिसके कारण डरी-सहमी छात्राओं ने कोचिंग जाना छोड़ दिया।
थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। सभी को थाने बुलाया गया है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।