छिंदवाड़ा। नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे ने पुलिस विभाग और एक परिवार दोनों को गहरे शोक में डाल दिया। पांढुर्ना थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सौरभ राजपूत (30 वर्ष) की एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे सौरभ अपने दोस्तों के साथ भोजन करने के बाद सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान वे सड़क किनारे सांप देखने के लिए भीड़ की ओर बढ़े ही थे कि नागपुर दिशा से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोग तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही कार चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा गम
अचानक हुई इस घटना से सौरभ का पूरा परिवार सदमे में है। पत्नी बेसुध है, वहीं उनकी तीन साल की मासूम बेटी बार-बार पिता को पुकार रही है। सौरभ अपने पीछे माता-पिता, बड़ा भाई और पत्नी-बेटी को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा भाई जालंधर में भारतीय वायुसेना में तैनात है, जो हादसे की सूचना मिलते ही छिंदवाड़ा रवाना हो गया।
विभाग और शहर में शोक की लहर
सौरभ राजपूत की असमय मौत ने पूरे पुलिस विभाग और उनके परिचितों को स्तब्ध कर दिया है। साथी कर्मचारी उन्हें मिलनसार और मददगार स्वभाव का बताते हैं। परिवार, रिश्तेदार और परिचितों के बीच गम का माहौल है।