सीवान। जिले के अन्दर थाना क्षेत्र के बलिया गांव में गुरुवार की रात 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका का किसी लड़के से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद किशोरी ने यह कदम उठा लिया। मृतका के पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। मां के निधन के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी और किशोरी अपनी सौतेली मां के साथ रह रही थी।
सूचना मिलते ही अन्दर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स समेत अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका गांव के ही एक स्कूल में पढ़ाई करती थी। फिलहाल, आत्महत्या के पीछे का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है।



