लुधियाना: पंजाब में अमेरिका जाकर बसने का सपना देखने वाले लोग अभी भी फर्जी ट्रैवल एजेंटों के जाल में फंस रहे हैं। जागरूकता अभियानों और पुलिस की सख्ती के बावजूद ठगी के मामले थम नहीं रहे हैं। ताज़ा मामला लुधियाना का है, जहां एक युवती से लाखों रुपये हड़प लिए गए।

चार लाख 69 हजार रुपये गंवाए
कुलदीप नगर, राहों रोड बस्ती मनी सिंह निवासी अमनप्रीत कौर ने पुलिस को शिकायत दी कि वह अमेरिका जाना चाहती थी। इसी दौरान इलाके के ही ट्रैवल एजेंट जसपाल सिंह ने उसे विदेश भेजने का झांसा दिया। उसने भरोसा दिलाया कि कम खर्च में ही अमेरिका का वर्क परमिट दिलवा देगा। बाद में जसपाल ने अपने साथी रमनदीप सिंह पवार (निवासी तिलक नगर) के साथ मिलकर युवती से ₹4.69 लाख वसूल लिए।
पैसे हड़पने के बाद करने लगे टालमटोल
शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपी लगातार बहाने बनाने लगे और पैसे भी लौटाने से इंकार कर दिया। जब युवती ने सख्ती से पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी।
पुलिस जांच में आरोप सही पाए गए
मामले की जांच के बाद थाना दरेसी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैवल एजेंटों की आड़ में सक्रिय फर्जी नेटवर्क को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




