
ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। मेला दिखाने न ले जाने पर नाराज होकर फूफा के घर पत्नी को मनाने गए युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। बाद में घर में घुसकर उसकी मां व पिता को पीटकर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव लालापुर पीपलसाना निवासी राजवीर ने तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी अंशु ने गांव में लगने वाला नवमी मेला देखने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर पत्नी नाराज होकर अपने फूफा के घर चली गई। वह पत्नी को मनाने के लिए पहुंचा तो पत्नी के फूफा ने उसे मारपीट कर भगा दिया। बाद में आरोपियों ने गांव पीपली अहीर निवासी रिश्तेदारों के साथ उसके घर में घुसकर मां मुन्नीदेवी व पिता ऋषिपाल को मारपीट कर घायल कर दिया। इसकी सूचना सुरजननगर पुलिस चौकी को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने तीनों घायलों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया, जबकि दूसरे पक्ष के मुन्ने सिंह के बेटे रिंकू ने भी कोतवाली में पहुंचकर राजवीर आदि पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने उसका भी मेडिकल कराया। दोनों पक्षों को शिकायत की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेज दिया।