बांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसों और ट्रेनों में सवारी बनकर यात्रियों का सामान उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी का माल और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
कैसे हुई कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 13 अगस्त को बांदा से चिल्ला जाने वाली बस में महिला यात्रियों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। घटना के बाद पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश कर रही थी। बुधवार रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पांचों को दबोच लिया गया।

बरामदगी
गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने
-
24.760 ग्राम बटननुमा पीली धातु,
-
203.770 ग्राम गोल चपटीनुमा सफेद धातु,
-
एक अवैध तमंचा,
-
एक कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
गिरोह का modus operandi
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह बस और ट्रेनों में आम सवारी की तरह सफर करता था और महिला यात्रियों को निशाना बनाकर मौका मिलते ही नकदी व जेवरात पार कर लेता था। चोरी किए गए सामान को गिरोह के सदस्य आपस में बांटकर औरैया, इटावा, ग्वालियर और झांसी में बने ठिकानों पर छिपा देते थे।
पुलिस की सख्ती
पुलिस ने बताया कि गिरोह के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है और बाकी नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।