
बरेली। समूह में निवेश कराकर दंपती समेत चार लोगों ने 18.30 लाख रुपये की ठगी कर ली। रुपये वापस मांगने पर निवेशक को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर इज्जतनगर थाना पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रेमनगर थाने के नीम वाली मठिया सुर्खा बानखाना निवासी फैजी अली ने बताया कि वह बालाजी बीसी ग्रुप मिथिलापुरी फेस-1 निकट जगमोहन मंदिर डेलापीर में पांच वर्ष से निवेश कर रहे थे। इस ग्रुप का संचालन विजय कुमार करता है। हर माह सात तारीख को राजेंद्र नगर के बांके बिहारी मंदिर के पास स्थित एक रेस्टोरेंट पर ग्रुप की बैठक होती थी।
समूह में उनके साथ ही परिवार के छह खाते थे। निवेश की समय सीमा मई में पूरी होने पर उन्होंने समूह संचालक से अपनी जमा धनराशि 18.30 लाख रुपये का भुगतान करने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगा।
उसने जून में भुगतान करने का वादा किया। इसके बाद रुपये मांगने पर विजय ने उसकी कॉल रिसीव करना बंद कर दी। 17 अगस्त को रुपये मांगने वह विजय के घर गया तो घर पर उसकी पत्नी डौली मिली। डौली ने कपिल असनानी और जितेंद्र असनानी उर्फ जीतू को बुला लिया। इन लोगों ने उसे पकड़ लिया। धमकी दी कि अगर रुपये मांगे तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। इज्जतनगर थाना पुलिस ने विजय कुमार उसकी पत्नी डौली और कपिल असनानी व जितेंद्र असनानी उर्फ जीतू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।