Delhi Flood: मॉनेस्ट्री मार्केट, वासुदेव घाट-यमुना बाजार लबालब, रिंग रोड पर पानी, बारिश से बाढ़ का खतरा दोगुना

Picture of NIMRA SALEEM

NIMRA SALEEM

SHARE:

Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road

राजधानी दिल्ली में अब यमुना का रौद्र रूप दिखाई देने लगा है। नदी का जलस्तर शाम तक 207.20 मीटर तक पहुंच गया था। उफनती यमुना के कारण यमुना बाजार का तटीय इलाका, मॉनेस्ट्री मार्केट व वासुदेव घाट आदि स्थान पानी से लबालब हो गए हैं। तटवर्ती इलाके में एनडीआरएफ व डीडीए की टीमें लगातार लोगों को अलर्ट कर रही हैं। लोगों को यमुना तट पर जाने की मनाही है। पुराना रेलवे पुल आवाजाही के लिए बंद है। हजारों लोगों को निकाला गया है। प्रशासन के टेंट कॉलोनी सरीखे दिख रहे हैं। लोग, मवेशी, बकरियां, घर का सामान सड़कों पर है लेकिन अभी बस इतनी गनीमत है कि दिल्ली का मुख्य शहरी इलाका बाढ़ से सुरक्षित है।

Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road

स्थान – कश्मीरी गेट मॉनेस्ट्री मार्केट
मॉनेस्ट्री मार्केट में दो से तीन फुट पानी भर गया है। स्थानीय एसडीएम टीम के साथ स्थिति का मुआयना कर कुछ देर में वापस लौट गए। मार्केट के प्रवेश द्वार तक पानी भर है। यहां अब रिंग रोड और यमुना के पानी के बीच में कुछ ही फासला ही नजर आने लगा है। कपड़े के दुकानदार महेश ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को ही काफी सामान निकाल लिया था। बाकी दुकानदारों ने भी ऐसा ही किया है। बैग और जूते के दुकानदार गगनदीप ने बताया कि कितने दिन बाद पानी निकलेगा इसका इंतजार है। इस बीच पीछे से किसी ने आवाज दी कि हफ्ते से पहले पानी वापस नहीं जाने वाला। पहाड़ों पर लगातार तेज बारिश हो रही है।
Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road
स्थान – वासुदेव घाट, रिंग रोड पर पानी आया
डीडीए के रिवर फ्रंट परियोजना का हिस्सा वासुदेव घाट लबालब है। रिंग रोड पर इस पार्क के प्रवेश द्वार तक यमुना का पानी पहुंच गया है। यहां ऐसा लगता है कि पानी छलककर अभी मुख्य रोड पर आ जाएगा। वासुदेव घाट के सामने सड़क किनारे बड़ी सीवर लाइन से पानी बैक फ्लो होकर रिंग रोड पर आने लगा है। द्वार पर बोरियां अवरोधक के तौर पर लगाई गई हैं।
Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road
स्थान – यमुना बाजार, निगमबोध श्मशान घाट के करीब
यमुना बाजार में सीवर के ढक्कन पानी के बैक फ्लो को झेल नहीं पा रहे हैं। पानी यहां से बाहर निकलकर सड़क पर फैल रहा है। नदी और मार्केट के बीच में कवच का काम करती दीवार के उस पार यमुना की तरफ करीब 10 फुट गहराई तक पानी भर गया है। दीवार को बाढ़ से पहले ही नए पिलर बनाकर मजबूती दी गई है लेकिन दीवार में कई जगह लीकेज भी नजर आ रहे हैं। एनडीआरएफ के जवानों ने बताया कि नदी के बाढ़ क्षेत्र में यहां पर बने कई मकानों में अभी भी लोग रुके हुए हैं इन्हें बाहर निकलने के लिए प्रशासन लगातार माइक पर मुनादी कर रहा है।
Delhi Flood news Monastery Market, Vasudev Ghat and Yamuna Bazaar overflowed, water reached the ring road
स्थान: जामिया नगर
यमुना की बाढ़ से जामिया नगर के लोग चिंतित हैं। यमुना का पानी काॅलोनी में आने की आशंका है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि बाढ़ से जामिया नगर का इलाका पूरी सुरक्षित है। बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग यमुना के जलस्तर को देखने के लिए कालिंदीकुंज व ओखला हेड पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी का ऐसा रौद्र रूप उन्होंने नहीं देखा है। ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान ने बताया कि उनकी टीम बाढ़ के हालात पर पूरी तरह नजर रखे हुए है। जाकिर नगर, जोगा बाई, बटला हाउस, धोबी घाट, अबुल फजल और शाहीन बाग के लोग यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर परेशान हैं।
NIMRA SALEEM
Author: NIMRA SALEEM