रुद्रपुर के मुख्य बाज़ार में देर रात तेज़ रफ्तार कार दौड़ाते दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और चाकू बरामद हुआ। वहीं, ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अलग कार्रवाई में एक अन्य युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया।
![]()
बुधवार तड़के गश्त के दौरान पुलिस को देखकर बिना नंबर की कार मोड़कर भागने की कोशिश कर रहे साहिल शुक्ला और प्रिंस सिंह को दबोच लिया गया। साहिल के पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, मोबाइल और ₹19,500 नकद मिला, जबकि प्रिंस से रामपुरी चाकू और एक महंगा मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और टशनबाज़ी व झगड़े के लिए असलहा रखते हैं।
इसी दौरान, ट्रांजिट कैंप पुलिस ने गश्त में अक्षय सागर को गिरफ्तार किया और उसके पास से भी 315 बोर का तमंचा बरामद किया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों पर लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।