अमृत स्नान के कारण प्रयागराज संगम स्टेशन 14 फरवरी तक बंद रहेगा, जबकि नौचंदी और संगम एक्सप्रेस प्रयाग जंक्शन तक ही चलेंगी। डीआरएम ने बताया कि प्रयाग जंक्शन बंद होने की खबरें गलत हैं।
अमृत स्नान के मौके पर महाकुंभ में भीड़ बढ़ गई है। इसके कारण रेलवे ने प्रयागराज संगम स्टेशन को 14 फरवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया है। मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली नौचंदी व संगम एक्सप्रेस भी प्रयाग जंक्शन तक ही चलेंगी। 14 फरवरी के बाद प्रयागराज संगम स्टेशन को खोल दिया जाएगा।
डीआरएम राजकुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रयाग जंक्शन स्टेशन के बंद होने की खबरें चल रही हैं, जोकि बिल्कुल गलत हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रयागराज संगम स्टेशन को बंद किया गया है, जोकि संगम के काफी नजदीक है। भीड़ छंटने के बाद इसे दोबारा खोल दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नौचंदी व संगम एक्सप्रेस को छोड़कर मंडल से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनें फाफामऊ तक चल रही हैं। लिंक एक्सप्रेस सूबेदारगंज तक चलती है।
मुरादाबाद होकर चलेंगी दो और महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें
माघ पूर्णिमा पर महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इसके कारण रेलवे ने दो और स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेनें दिल्ली से फाफामऊ तक चलेंगी। मुरादाबाद, हापुड़, बरेली व शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर इनका ठहराव होगा। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि (04022-21) दिल्ली-फाफामऊ-दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस 10 से 16 फरवरी तक चलेगी। इसके अलावा (04023-24) दिल्ली-फाफामऊ-दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस 11 से 14 फरवरी तक चलेगी।
रोडवेज की 100 बसें कुंभ जाएंगी
मुरादाबाद परिक्षेत्र से रोडवेज की 100 बसें महाकुंभ में जाएंगी। सोमवार की शाम इन बसों को महाकुंभ के लिए रवाना कर दिया गया। आरएम ममता सिंह ने बताया कि प्रशासन के निर्देश पर मुरादाबाद डिपो से 21, पीतलनगरी डिपो से 23, रामपुर डिपो से 10, बिजनौर डिपो से 15, नजीबाबाद डिपो से 13, अमरोहा डिपो से 13 और चांदपुर डिपो से 5 बसें महाकुंभ जाएंगी। इन बसों के साथ चालक, परिचालक और संचालन कराने के लिए नाै कर्मचारियों का स्टाफ जाएगा।
Author: planetnewsindia
8006478914
