बरेली। कस्बा फरीदपुर के परा जोशी मोहल्ला में बेटी के घर आए व्यक्ति की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उसके गले में रस्सी का फंदा भी डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान भी मिले। घटनास्थल से करीब 30 मीटर दूर पुलिस को एक मोबाइल खेत में पड़ा मिला। इसके बारे में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि मोबाइल आरोपियों का ही है।

पीलीभीत जिले के बरखेड़ा निवासी प्रदीप जोशी उर्फ दयालु मंगलवार को अपनी बेटी कोमल के घर आए थे। उसी दिन वह अपने साथियों के साथ चले गए। बुधवार सुबह घर से डेढ़ सौ मीटर दूर खेत में उनका शव पड़ा मिला। सिर कुचला गया था। गले में रस्सी का फंदा बंधा था। सूचना पर सीओ गौरव सिंह, इंस्पेक्टर रामसेवक ने पुलिस टीम के साथ पहुंच कर जांच पड़ताल की। घटनास्थल पर पुलिस को मृतक का थैला भी मिला, जिसमें उसकी एक कॉपी रखी थी।
प्रदीप की बेटी कोमल ने मोहल्ले के ही तीन लोगों संजीव जोशी उर्फ पकौड़ी, बंटी व अनिल जोशी के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी दक्षिणी मानुष पारीक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कोमल व उसके पति से आरोपियों के बारे में जानकारी की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को निर्देश दिए हैं। प्रदीप देसी चूरन बनाकर शीशी में भरकर बेचने का काम करते थे। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
Author: planetnewsindia
8006478914