
हांसी जिले के नारनौंद गांव धर्मखेड़ी में दीपक बॉक्सर की हत्या के मामले में बास थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हांसी एसपी विनोद कुमार के अनुसार आरोपियों की पहचान रोहतक जिले के अजायब निवासी प्रिंस पुत्र हरिओम, जितेंद्र हुड्डा पुत्र राजवीर और आर्यन पुत्र समुद्र के रूप में हुई है। मामले में बास थाना में मुकदमा नंबर 210, धारा 103 व अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी।
हांसी एसपी विनोद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मृतक दीपक और मुख्य आरोपी प्रिंस आपस में दोस्त थे। और महम में साथ में बॉक्सिंग करते थे। पुलिस के अनुसार प्रिंस ने आरोप लगाया कि दीपक उसकी बहन को कई दिनों से परेशान कर रहा था और उसके साथ छेड़खानी करता था। बताया गया है कि प्रिंस की बहन की शादी मोहित से हुई थी और मोहित, दीपक की सगी मौसी का बेटा है। पुलिस के मुताबिक इसी बात की जानकारी मिलने के बाद प्रिंस ने दीपक को सबक सिखाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार शुरुआत में पांच लोग वहां मौजूद थे। इनमें धर्मखेड़ी निवासी अजय नाम का युवक भी शामिल था। पुलिस का कहना है कि अजय शराब पीने के बाद वहां से वापस चला गया था और उसके जाने के बाद दीपक पर हमला किया गया। फिलहाल पुलिस अजय की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अभी तक हत्या में उसकी सीधी भूमिका सामने नहीं आई है।



