लुधियाना में मजदूरी करने वाले युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। देर रात की यह घटना बताई जा रही है। हमलावर बाइक पर आए थे। युवक की हालत नाजुक है।

लुधियाना की घनी आबादी वाले रमेश नगर इलाके में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद हमलावरों ने एक निर्दोष युवक को घेरकर बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। पूर्व विधायक के दफ्तर के पास बने पुल पर अंजाम दी गई इस खौफनाक वारदात के दौरान हमलावरों ने जमीन पर बेबस पड़े पीड़ित पर तेजधार हथियारों से एक के बाद एक कई जानलेवा वार किए।
विक्की पर आरोपियों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया और बुरी तरह से घायल कर दिया। हमले के बाद हमलावर गंभीर रूप से घायल युवक को पास के गंदे नाले में फेंककर सबूत मिटाने की फिराक में थे लेकिन पीड़ित द्वारा मिन्नतें करने पर आरोपी उसकी बाइक, जेब में रखे नकदी और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल विक्की को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के सिर व बाजू पर भी गहरी चोट लगी है। पुलिस जांच में जुटी है कि आखिर आरोपियों ने लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया या फिर कोई और रंजिश थी।