हमलावरों ने युवती की गर्दन और पेट पर तेजधार हथियारों से वार किए हैं। मृतका की बाजू पर टैटू बना है। पुलिस टैटू के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।

लुधियाना की ललतों नहर के करीब तीस साल की युवती का शव मिला है। मृतका की गर्दन और पेट पर किसी नुकीले हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान है। राहगीर ने शव देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची।
शुरुआती जांच के अनुसार, हमलावरों ने बेहद क्रूरता का परिचय देते हुए युवती की गर्दन की बाईं तरफ और पेट पर जानलेवा हमले किए। ज्यादा खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात की स्थिति को देखते हुए इसे पूरी साजिश के साथ अंजाम दिया जाना माना जा रहा है। मृतका के पास से ऐसा कोई सामान, फोन या दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। हालांकि मृतका की दाईं बाजू पर अंग्रेजी में ”मनी” लिखा हुआ है और बाईं बाजू में तीन सितारे गुदे हुए हैं। पुलिस इन्हीं टैटू को शिनाख्त का मुख्य जरिया मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस कर रही जांच
थाना सदर प्रभारी के मुताबिक शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मार्चरी में रखवा दिया गया है। आसपास के सभी थानों, पुलिस चौकियों और पड़ोसी जिलों को मृतका के हुलिए और टैटू की जानकारी साझा कर दी गई है। इसके साथ ही हाल के दिनों में दर्ज हुई महिलाओं की गुमशुदगी की शिकायतों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारी इलाके और नहर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांच रहे हैं, ताकि शव को वहां तक लाने वाले वाहन और संदिग्धों का सुराग जुटाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान होते ही हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।