गुलजार सिंह पर इससे पहले भी दो बार जानलेवा हमला हो चुका था। इनमें से एक घटना में हमलावरों ने उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास भी किया था।

लहौरिया मोहल्ले में सोमवार शाम एक बुजुर्ग दुकानदार की तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुलजार सिंह पुत्र प्रह्लाद सिंह निवासी लहौरिया मोहल्ला, उड़मुड़, थाना टांडा के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। मौके से मिली जानकारी के अनुसार, गुलजार सिंह मोहल्ले में ही सीमेंट, बजरी और रेत की दुकान चलाते थे।
सोमवार शाम करीब 4 बजे कुछ अज्ञात व्यक्ति सीमेंट खरीदने के बहाने उनकी दुकान पर पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने गुलजार सिंह पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गुलजार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने उन पर तेजधार हथियार से कई वार किए।
बताया जा रहा है कि गुलजार सिंह पर इससे पहले भी दो बार जानलेवा हमला हो चुका था। इनमें से एक घटना में हमलावरों ने उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास भी किया था, लेकिन वे अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके थे। इसके बावजूद सोमवार को हुई इस वारदात में उनकी जान चली गई। गुलजार सिंह का एक बेटा विदेश में रहता है, जबकि वह अपनी पत्नी के साथ लहौरिया मोहल्ला स्थित अपने घर में रहते थे।
पुलिस कर रही जांच
वह अक्सर देर शाम तक अपनी दुकान पर मौजूद रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी टांडा दविंदर सिंह बाजवा और थाना टांडा की एसएचओ इंस्पेक्टर अमरजीत कौर पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुकान तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।