जनपद में बाल भिक्षावृत्ति और बाल श्रम की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएचटीयू और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने सासनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है।
शुक्रवार को पुलिस कप्तान चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को विभिन्न बाजारों व दुकानों पर छापेमारी की गई। जिसमें एसएचओ थाना एएचटी रवि भूषण शर्मा के नेतृत्व में एसआई सुनील कुमार, आरक्षी अनुज कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह, सहायक कर्मी प्रेमपाल सिंह तथा एक्सीलेंट सिविल एकेडमी के सहकर्मी योगेश पचैरी व अमरीश कुमार राय की टीम ने सासनी चैराहा, जलेसर रोड, भोलू मार्केट, गांधी चैक, कमला बाजार व रूदायन अड्डा क्षेत्र में संघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से आधा दर्जन बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। वहीं बाल श्रम कराने वाले संबंधित दुकान स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के साथ ही टीम ने आम जनमानस को बाल श्रम व बाल भिक्षावृत्ति से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा आपातकालीन व हेल्पलाइन नंबरों (1090, 1098, 1076, 112, 1930) की विस्तृत जानकारी दी।



