सचिन पायलट की सबसे बड़ी परीक्षा केवल नेताओं को साथ बैठाने की नहीं, बल्कि उन्हें चुनाव तक साथ बनाए रखने की होगी। टिकट वितरण के दौरान गुटबाजी और तेज होने की आशंका रहेगी।

पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और आपसी खींचतान के बीच हाईकमान ने प्रभारी का चेहरा बदलकर पार्टी के भीतर नई राजनीतिक कवायद शुरू कर दी है। गुटबाजी के गढ़ में सचिन पायलट के लिए कांग्रेसियों को एकजुट करने की परीक्षा होगी। कांग्रेस ने भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी पद से हटाकर उनकी जगह सचिन पायलट को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का महासचिव प्रभारी बनाया है।
पायलट की सबसे बड़ी परीक्षा केवल नेताओं को साथ बैठाने की नहीं, बल्कि उन्हें चुनाव तक साथ बनाए रखने की होगी। टिकट वितरण के दौरान गुटबाजी और तेज होने की आशंका रहेगी। किस खेमे को कितनी राजनीतिक हिस्सेदारी मिलेगी, नेतृत्व का संतुलन कैसे बनेगा और चुनावी रणनीति में किसकी कितनी भूमिका होगी। इन सवालों पर पायलट को शुरुआत से ही संतुलन साधना होगा। दूसरी बड़ी चुनौती संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की है। उन्हें चन्नी समर्थक नेताओं, वड़िंग समर्थक नेताओं और अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच भरोसा कायम करना होगा। टिकटों को लेकर संभावित खींचतान, नेतृत्व के मुद्दे पर मतभेद और चुनावी रणनीति पर असहमति उनके लिए बड़ी परीक्षा होगी।
राहुल को सौंपी थी रिपोर्ट
बघेल के कार्यकाल में ही पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए थे। जुलाई में उन्होंने नेताओं से बातचीत के बाद हाईकमान को अपनी रिपोर्ट भी सौंपी थी और तत्काल नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को खारिज किया था। अब पायलट को उसी रिपोर्ट और पिछले महीनों में उभरे विवादों की पृष्ठभूमि में आगे की रणनीति बनानी होगी। कांग्रेस हाईकमान ने बघेल को हटाकर नेतृत्व का चेहरा जरूर बदल दिया है लेकिन असली परीक्षा अब पायलट की होगी।
पायलट को बधाई, नेताओं ने जताया भरोसा
पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने पर सचिन पायलट को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बधाई दी। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर पायलट को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। रंधावा ने कहा कि पायलट का अनुभव, कुशल नेतृत्व और जनता से जुड़ाव राज्य में पार्टी संगठन को एक नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा। राजा वड़िंग ने कहा कि सचिन पायलट की ऊर्जा और कार्यकुशलता विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगी।



