बुर्ज लिट्टा गांव में एक आदमी ने रात को सपने में अपने घर से 20 क्विंटल गेहूं की चोरी देखी। सपने से जागने के बाद उसने पंचायत में अपने पड़ोसियों पर चोरी का आरोप लगा दिया। जांच में सच सामने आ गया।

हलवारा के पास बुर्ज लिट्टा गांव में बुधवार सुबह उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक व्यक्ति ने रात में देखे सपने को सुबह आंख खुलते ही हकीकत मान लिया। उसे सपना आया कि उसके घर में सेंधमारी हुई है और चोर 20 क्विंटल गेहूं लेकर फरार हो गए।
सरपंच सुखविंदर कौर और नंबरदार बलवंत सिंह ने बताया कि संबंधित व्यक्ति रात में काफी शराब पीकर सोया था। सुबह उठने के बाद उसने बताया कि उसके घर में सेंधमारी हो गई और गेहूं चोरी हो गया। उसने अपने पड़ोसियों पर भी चोरी का शक जताते हुए शिकायत कर दी। शिकायत के बाद मामला गंभीर समझते हुए गांव में पंचायत की बैठक बुलाई गई।
नहीं मिला चोरी का निशान
पंचायत सदस्य निर्मल सिंह, पंचायत सदस्य हरजीत सिंह और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में जब मौके पर जाकर घर की जांच की गई तो वहां चोरी का कोई निशान नहीं मिला। न सेंधमारी का प्रमाण मिला और न ही गेहूं के गायब होने की कोई पुष्टि हुई।
पूछताछ आगे बढ़ी तो शिकायतकर्ता ने ही आखिरकार पूरी ‘वारदात’ का राज खोल दिया। उसने बताया कि उसने रात में सपना देखा था कि उसके घर में सेंधमारी हुई है और 20 क्विंटल गेहूं चोरी हो गया। नींद से उठने के बाद उसे सपना इतना वास्तविक लगा कि उसने उसे सच मान लिया और पड़ोसियों पर चोरी का आरोप लगा दिया।
पंचायत ने उसे चेतावनी देने के साथ धार्मिक सजा के तौर पर गांव के गुरुद्वारा साहिब में 50 किलो गेहूं दान करने को कहा। साथ ही हिदायत दी गई कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाने या शिकायत करने से पहले मामले की सच्चाई और तथ्यों की जांच जरूर की जाए।
20 क्विंटल गेहूं सपने में गया, 50 किलो हकीकत में देना पड़ा
जिस चोरी की शुरुआत सपने में 20 क्विंटल गेहूं से हुई थी, वह पंचायत के फैसले में 50 किलो गेहूं दान करने तक पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि असली गेहूं अपनी जगह सुरक्षित मिला और पड़ोसियों पर लगा चोरी का आरोप भी हकीकत सामने आने के बाद खत्म हो गया।