बरेली में सैन्य खुफिया इकाई की सूचना पर पुलिस ने लखनऊ निवासी शख्स को गिरफ्तार किया है। उस पर अग्निवीर भर्ती के मेडिकल परीक्षण में पास कराने के नाम पर ठगी का आरोप है। आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज और मुहर बरामद हुई हैं।
बरेली में सैन्य अस्पताल के पास अग्निवीर भर्ती के पुन: मेडिकल में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले लखनऊ निवासी शख्स को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी राजेश तिवारी ने एक अभ्यर्थी से 40 हजार रुपये वसूले थे। वह खुद को सेवानिवृत्त हवलदार बताकर फर्जी दस्तावेज और मुहर का इस्तेमाल करता था।
राजेश मेडिकल में फेल हुए अभ्यर्थियों को फर्जी कॉल अप लेटर और रेफरल लेटर दिखाकर विश्वास में लेता था। वह उन्हें बताता था कि उसने कई फेल अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण में दोबारा पास कराया है। अभ्यर्थियों की जानकारी वह अपने साझेदार गजेंद्र सिंह को व्हाट्सएप से भेजता था। इसके बाद वह उनसे पैसे लेकर अपना हिस्सा रखकर गजेंद्र सिंह के बताए बैंक खाते में भेज देता था।
40 हजार रुपये की वसूली का प्रमाण
राजेश के मोबाइल की जांच में स्पष्ट हुआ कि 21 अगस्त को अंकित सिंह चौहान से 40 हजार रुपये उसने लिए थे। यह राशि यूपीआई आईडी के माध्यम से प्राप्त हुई थी और रजिस्टर में दर्ज थी। उसके मोबाइल में गजेंद्र सिंह के साथ व्हाट्सएप चैट भी मिली, जिसमें रेफरल फॉर्म और रुपये के लेनदेन की बातचीत थी। पुलिस ने राजेश तिवारी को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। कैंट थाना पुलिस उसे दोपहर बाद कोर्ट में पेश करेगी।