
विकास खंड अमापुर की न्याय पंचायत खुशकरी अंतर्गत ग्राम वजीरपुर में बुधवार को दो दिवसीय मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र (पालीवाल पार्क आगरा-अलीगढ़) के प्रधानाचार्य लोकेश सेंगर, ग्राम प्रधान, पूर्व प्रभारी वी. के. शर्मा तथा विशन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित व फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
शिविर में कुल 30 संभागियों ने भाग लिया, जिन्हें अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण किट प्रदान की गई। प्रधानाचार्य लोकेश सेंगर ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवा व महिलाएं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित कर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने पौष्टिक मिलेट्स के उपयोग एवं इसके व्यावसायिक महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व प्रभारी वी. के. शर्मा ने अचार, मुरब्बा, शरबत एवं फलों के रस को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि किस प्रकार इस प्रशिक्षण के जरिए लोग अपना खुद का रोजगार शुरू कर सकते हैं। वहीं पूर्व प्रभारी विशन सिंह ने सामूहिक रूप से कार्य कर अधिक से अधिक मुनाफा कमाने के तरीके बताए। उन्होंने अवगत कराया कि इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर इकाई लगाने पर सरकार द्वारा 50 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाता है। डीआरपी चेतन उपाध्याय ने जिले में संचालित पीएमएफएमई योजना एवं उत्तर प्रदेश उद्योग नीति 2023 की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मशीनरी व संयंत्र की खरीद पर अधिकतम 10 लाख रुपये तक 35 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। कार्यक्रम का सफल संचालन केंद्र प्रभारी श्रीमती योगेश्वरी ने किया। इस दौरान श्री संजय चैधरी सहित स्थानीय ग्रामीण व शिक्षार्थी उपस्थित रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS




