आरोपी जीजा कपिल ने बुलेट से ससुराल पहुंचकर हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी। घर से बाहर निकले देवेंद्र ने बहनोई के हाथ से पिस्टल नीचे गिराने के लिए डंडे से हमला किया। साले के हमले से आग बबूला हुए बहनोई ने देवेंद्र को सिर और दाहिने पैर में गोली मार दी।

यूपी के प्रतापगढ़ स्थित मदाफरपुर बाजार में मंगलवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे जीजा ने लाइसेंसी पिस्टल से मेडिकल स्टोर संचालक साले की गोली मारकर हत्या कर दी। बाजार के आक्रोशित लोगों ने डंडे से पीटकर आरोपी को भी घायल कर दिया। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
तीन भाइयों की इकलौती बहन है प्रियंका
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर निवासी गया प्रसाद यादव के तीन बेटे भूपेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, देवेंद्र यादव और इकलौती बेटी प्रियंका हैं। छोटा बेटा देवेंद्र मेडिकल स्टोर घर में मेडिकल स्टोर चलाता था। गया प्रसाद ने बेटी की शादी सुल्तानपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित जोगीबीर निवासी कपिल देव के साथ की है।
बहन ने किया था मदद के लिए फोन
सोमवार की शाम प्रियंका ने मायके वालों को फोन पर बताया कि वह और उसके बच्चे असुरक्षित हैं। विदाई करके ले चलो, पति सभी की हत्या कर देगा। बहन की पुकार सुन भाई उपेंद्र यादव और देवेंद्र बहन को विदा कराकर घर ले आए। पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने सोमवार की शाम फोन कर गाली-गलौज करते हुए ससुराल वालों को जान से मारने की धमकी दी। मंगलवार की सुबह आरोपी ने घर आने का धमकी देते हुए सभी की हत्या करने की बात कही।
ससुराल पहुंच दामाद करने लगा था फायरिंग
सुबह करीब साढ़े दस बजे आरोपी बुलेट से ससुराल पहुंचकर हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी। घर से बाहर निकले देवेंद्र ने बहनोई के हाथ से पिस्टल नीचे गिराने के लिए डंडे से हमला किया। साले के हमले से आग बबूला हुए बहनोई ने देवेंद्र को सिर और दाहिने पैर में गोली मार दी। जिससे वह मौके पर घायल होकर गिर गया।
इलाच के दौरान देवेंद्र की मौत
घटना से आक्रोशित बाजार के लोगों ने आरोपी को डंडे से पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल देवेंद्र को मेडिकल कॉलेज भेजा। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस कोहड़ौर सीएचसी पहुंची। प्राथमिकी उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पैसों के लिए बेटी को करता था तंग
मृतक के पिता गया प्रसाद ने बताया कि दामाद ने हाल ही घर बनवाया था। मकान के लिए उसने कर्ज लिया था। मायके से पैसा लाने के लिए बेटी को प्रताड़ित करता था। पूर्व में बेटी को प्रताड़ित करने पर कोहड़ौर थाने में शिकायत की गई थी। समझौता होने के बाद बेटी ससुराल चली गई। उसके बाद फिर पैसे के लिए बेटी को प्रताड़ित करने लगा।
नशे का आदी है दामाद
उन्होंने बताया कि दामाद नशे का आदी है। नशे में बेटी को पीटता था। घटना के समय भी उसने नशा किया था। मंगलवार की सुबह दामाद ने हत्या की धमकी दी तो इसकी सूचना फोन से मदाफरपुर पुलिस चौकी पर दी गई थी। चौकी से पुलिस कर्मियों के न आने पर डायल 112 पर घटना की जानकारी दी गई। दामाद के फायरिंग किए जाने के दौरान ही डायल 112 के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस का बयान
आपसी विवाद के कारण आरोपी ने ससुराल पहुंचकर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी। फायरिंग में एक युवक की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पिस्टल, मैगजीन और बुलेट वाहन बरामद किया गया है। कार्रवाई शुरू कर दी गई है। -दीपक भूकर, एसपी




