
हिसार के सूर्यनगर निवासी डेयरी संचालक जीवन कुंडू की पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या के मामले में आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों, खाप पंचायतों और किसान संगठनों ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर जाम लगाया।
रामायण टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पहुंचे खाप प्रतिनिधियों, किसान संगठनों और टोल कमेटी के सदस्यों ने टोल की अधिकांश लेनों को बंद कर दिया।आपातकालीन सेवाओं और आम राहगीरों की गंभीर असुविधा को देखते हुए केवल एक फ्री लेन को खुला रखा गया है। एक लेन से वाहनों की आवाजाही होने के कारण हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
टोल कमेटी के प्रवक्ता सरदानंद राजली ने आंदोलन की आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हांसी कार्यक्रम के समय में बदलाव होने के बाद किसानों ने भी अपनी योजना बदल दी है।
खाप और किसान संगठन आज रात को ही हांसी में अपना पड़ाव डालेंगे और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का पुरजोर विरोध करेंगे। आंदोलन में शामिल नेताओं और खाप प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है, जिसके चलते पुलिस ढिलाई बरत रही है।
क्या है पूरा मामला
सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू जब गोबर डालने जा रहे थे, तभी 12 से 15 हमलावरों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया और उन्हें तब तक पीटा जब तक वे बेहोश नहीं हो गए। इलाज के दौरान अस्पताल में जीवन की मौत हो गई थी। गोबर डालने और डेयरी निर्माण को लेकर पड़ोसियों से पुराना विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मुख्य आरोपी पर इनाम घोषित कर लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। हालांकि, परिजनों और खापों का कहना है कि जब तक सभी मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे नहीं जाते, आंदोलन और तेज होगा।
रामायण टोल पर तनावपूर्ण स्थिति और हांसी में रात को पड़ाव डालने के ऐलान के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। टोल प्लाजा और हांसी क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत का प्रयास कर रहे हैं।
Author: priya singh
The Voice behind the Mic. The Pen behind the Truth. 👑 🎙️ News Anchor | Digital Scribe 🖋️ Crafting perspectives, delivering facts, and documenting history in black & white. 🏛️ Where eloquence meets hard-hitting journalism. 👇 Read the untold stories below.



