पिछले 12 दिन में पांच ट्रांसफाॅर्मर फुंकने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्राम ऊदला इलियासपुर के किसान व ग्रामीण संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के बैनर तले बृहस्पतिवार को महरावल बिजलीघर पर पहुंच गए। किसानों ने नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

एसडीओ सौरभ भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को मनाया और उनके बीच जाकर काफी देर तक वार्ता की। किसानों के आक्रोश को देखते हुए उन्होंने लिखित में आश्वासन दिया कि शुक्रवार तक गांव में खराब सभी ट्रांसफाॅर्मरों को बदल दिया जाएगा और आपूर्ति को बहाल करा दिया जाएगा।
उन्होंने पत्र जारी करते हुए अलीगढ़ कार्यशाला से ट्रांसफाॅर्मर लाकर बदलवाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की जिम्मेदारी भी ली। मोर्चा के संस्थापक जितेंद्र शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि ट्रांसफाॅर्मर लगाने में कोई अड़चन आई तो संबंधित अधिकारियों का व्यक्तिगत घेराव किया जाएगा और उन्हें कार्यालय में बैठने तक नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एसडीओ के आश्वासन पर संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा ने तालाबंदी की योजना स्थगित कर दी। मौके पर जिलाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान शाह, गुलजार मेवाती, गुलफाम, ग्राम प्रधान सोमवीर सिंह, पूर्व प्रधान सईद, रफीक, ताजुद्दीन, निजाम, इस्लाम खां, फजलू, दानिश, पप्पू और शिशुपाल सिंह आदि थे।



