तीन दिवसीय प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मेजबान गांव गिल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में कासाबाद की टीम ने बाजी मारकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

लुधियाना जिला बेसबॉल एसोसिएशन की ओर से 7 से 9 अगस्त तक सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, गांव गिल में आयोजित 17वीं जूनियर जिला बेसबॉल चैंपियनशिप का सफल समापन हो गया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मेजबान गांव गिल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में कासाबाद की टीम ने बाजी मारकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
बालिका वर्ग के रोमांचक टूर्नामेंट में जिले भर से कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था। बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान गांव गिल ने मल्लाह की टीम को बेहद कड़े मैच में 5-4 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। खिताबी भिड़ंत में गांव गिल की लड़कियों ने बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए जीएनआईपीएस मॉडल टाउन को 11-1 के बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की।
बालक वर्ग की प्रतिस्पर्धा में कुल 16 टीमों ने अपनी चुनौती पेश की। बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में गुरु नानक मॉडल स्कूल ढोलेवाल ने बीसीएम स्कूल को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में कासाबाद ने तेजा सिंह सुतंतर स्कूल को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल मैच में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कासाबाद ने गुरु नानक मॉडल स्कूल ढोलेवाल को 4-3 के करीबी अंतर से शिकस्त दी।