हिसार में युवक की हत्या: सूर्य नगर में डेयरी संचालक पर लाठी-डंडों से किया हमला, रंजिश में दिया वारदात को अंजाम

शहर के सूर्य नगर की गली नंबर छह में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां करीब 10 से अधिक हमलावरों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर एक डेयरी संचालक की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सूर्य नगर निवासी जीवन मंगलवार सुबह करीब 6 बजे अपनी मोटरसाइकिल से गोबर की छोटी ट्रॉली जोड़कर फाटक के पास फेंकने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए 10 से अधिक लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
हमले में जीवन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
चारे की होद को लेकर चला आ रहा था पुराना विवाद
स्वजनों और पुलिस के अनुसार, इस वारदात की वजह पुराना विवाद बताई जा रही है। करीब डेढ़ महीने पहले जीवन का अपने पड़ोसी एवं फाइनेंसर रमेश के साथ पशुओं का चारा डालने वाली होद बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच डंडे और बरछे चले थे, जिसमें दोनों तरफ के लोग घायल हुए थे।
उस घटना में जीवन की पत्नी रमन को भी बरछी लगी थी। इस मामले में जीवन की शिकायत पर फाइनेंसर रमेश के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के तहत इस हत्या को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
Author: priya singh
The Voice behind the Mic. The Pen behind the Truth. 👑 🎙️ News Anchor | Digital Scribe 🖋️ Crafting perspectives, delivering facts, and documenting history in black & white. 🏛️ Where eloquence meets hard-hitting journalism. 👇 Read the untold stories below.



