क्षेत्र के गांव लहोर्रा में रविवार सुबह करीब 10 बजे बूढ़े बाबा (लहौर्रा वाले देवता) की पूजा-अर्चना श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। पूजा में भाग लेने के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से बूढ़े बाबा की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की।
रविवार की सुबह से ही मंदिर परिसर एवं पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना की तथा बाबा को फूल-माला, नारियल, प्रसाद और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। पुरुष श्रद्धालुओं ने भी पूरे श्रद्धाभाव से पूजा में भाग लिया और बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूजा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बूढ़े बाबा में उनकी गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से पूजा करने पर बाबा भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं तथा गांव पर आने वाली विपत्तियों से रक्षा करते हैं। इसी आस्था के चलते प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। पूजा के उपरांत प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे सभी श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। शाम तक पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS




