
लोकप्रिय सीरीज ‘हैरी पॉटर’ की फिल्मों को देखते हुए एक पूरी पीढ़ी बड़ी हुई है। इससे दर्शकों का अलग जुड़ाव है। पहली फिल्म 2001 में आई थी और इस बात को इस साल 25 वर्ष हो रहे हैं। फिल्म के सिल्वर जुबली वर्ष को खास बनाने के लिए ‘हैरी पॉटर’ की आठों फिल्मों को फिर से रिलीज किया जा रहा है।
बड़े परदे पर कब री-रिलीज होंगी फिल्में
‘हैरी पॉटर’ का जादू सिनेमाघरों में फिर लौटने वाला है। दर्शक एक बार फिर बड़े पर्दे पर इन फिल्मों का लुत्फ उठा सकेंगे। हैरी पॉटर की सभी आठ फिल्में फिर से रिलीज जो हो रही हैं। इस साल 27 अगस्त से 3 सितंबर तक ये फिल्में बड़े परदे पर आ रही हैं।
कब से उपलब्ध होंगे टिकट
‘हैरी पॉटर’ के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया गया है। इसके मुताबिक फिल्मों को वर्ल्डवाइड री-रिलीज किया जा रहा है। इसके लिए टिकट 31 जुलाई से मिलने लगेंगे। इन फिल्मों का फिर से रिलीज किया जाना दर्शकों के लिए एक खास पल होगा और वे फिर से पुरानी यादों में लौट सकेंगे। यह फिल्म कनाडा, अमेरिका व अन्य देशों के अलावा भारत में भी रिलीज होने जा रही हैं।
नेटिजंस हुए उत्साहित
बता दें कि ‘हैरी पॉटर’ सीरीज की फिल्में राइटर जे.के. रोलिंग के उपन्यासों पर आधारित हैं। फिल्मों की री-रिलीज को लेकर दर्शक उत्साहित हैं। यूजर्स लिख रहे हैं, ‘हम तैयार हैं, फिर से पुरानी यादों में लौटने के लिए’।




