आगामी धार्मिक आयोजनों एवं कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुवार की ग्यारह बजे कोतवाली सासनी परिसर मे एसडीएम शिव प्रकाश यादव की अध्यक्षता में डीजे संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रभारी निरीक्षक विपिन चैधरी ने किया। इसमें कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों के डीजे संचालकों ने भाग लिया।
गुरूवार को हुई बैठक में एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान डीजे का संचालन शासन द्वारा निर्धारित नियमों और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा एवं ध्वनि की तय सीमा का पालन करना सभी डीजे संचालकों की जिम्मेदारी है। प्रभारी निरीक्षक विपिन चैधरी ने मौजूद संचालकों को निर्देश दिए कि डीजे बजाने से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ, अश्लील या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीतों का प्रसारण न करें। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीजे संचालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। अंत में एसडीएम ने सभी से अपील की कि त्योहारों और आयोजनों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें, जिससे क्षेत्र में शांति एवं कानूनव्यवस्था बनी रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई बैठक में सैकड़ो डीजे संचालक मौजूद रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


