हरियाणा पुलिस का नशा तस्करों पर करारा प्रहार: 53.240 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद, तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम हाईवे NH-9A पर गश्त एवं नशा तस्करी रोकथाम अभियान के दौरान रायपुर रेलवे पुल के निकट मौजूद थी।
Haryana Police attack drug smugglers 53.240 kg of poppy husk seized; car used for smuggling impounded

हरियाणा में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत हिसार पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाणिज्य मात्रा में 53 किलो 240 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। इस कार्रवाई में तस्करी में इस्तेमाल एक स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया है। इस संबंध में थाना अर्बन एस्टेट, हिसार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(C), 60(3), 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

नशा तस्करी के विरुद्ध सरकार एवं हरियाणा पुलिस की सख्त नीति
पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल, आईपीएस ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राज्य सरकार नशे के विरुद्ध सख्त नीति अपनाते हुए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। हरियाणा पुलिस भी इसी संकल्प के साथ नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी, तस्कर वाहन छोड़कर फरार
पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम हाईवे NH-9A पर गश्त एवं नशा तस्करी रोकथाम अभियान के दौरान रायपुर रेलवे पुल के निकट मौजूद थी। इसी दौरान उन्हें एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में तीन युवक भारी मात्रा में डोडा पोस्त लेकर हिसार की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रायपुर चौक के निकट नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर कार में सवार तीनों युवक वाहन को मौके पर छोड़कर खेतों की ओर भाग गए।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार राजस्थान के करौली जिले में पंजीकृत पाई गई। वाहन स्वामी एवं वाहन किराये पर लेने वाले व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर वाहन एक संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे में होना पाया गया, जिसके विरुद्ध नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

कानूनी प्रक्रिया के तहत बरामद हुआ 53.240 किलोग्राम डोडा पोस्त
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण पालन करते हुए कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से तीन प्लास्टिक कट्टों में कुल 53 किलो 240 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसमें पहले कट्टे से 20 किलो 300 ग्राम, दूसरे कट्टे से 17 किलो 320 ग्राम तथा तीसरे कट्टे से 15 किलो 620 ग्राम डोडा पोस्त मिला। बरामद डोडा पोस्त एवं तस्करी में इस्तेमाल कार को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया गया।

ड्रग फ्री हरियाणा अभियान’ के तहत जागरूकता एवं खेल गतिविधियों पर विशेष जोर
अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा पूरे प्रदेश में “नशामुक्त हरियाणा अभियान” को जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत एक ओर नशा तस्करों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं, दूसरी ओर युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, खेल गतिविधियों तथा युवा सहभागिता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाते हुए समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।

priya singh
Author: priya singh

The Voice behind the Mic. The Pen behind the Truth. 👑 🎙️ News Anchor | Digital Scribe 🖋️ Crafting perspectives, delivering facts, and documenting history in black & white. 🏛️ Where eloquence meets hard-hitting journalism. 👇 Read the untold stories below.