गांव गोहाना चैकी पुल पर मंगलवार को एक अज्ञात वाहन ने पीआरडी जवान की मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल हाथरस रेफर किया गया है।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, नगला सिंह निवासी रमेश चंद पुत्र भूरी सिंह पीआरडी में जवान के पद पर तैनात हैं। रमेश चंद अपनी ड्यूटी के लिए मोपेड पर सवार होकर सासनी आ रहे थे। बताते हैं कि जैसे ही वे गोहाना चैकी पुल के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पीआरडी जवान सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उधर घटना की जानकारी होने पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड जुट गई। तभी मौका पाकर अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। लोगों ने आनन-फानन में घायल जवान को निजी वाहन से सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में वहां मौजूद डॉ. शुभम ने हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



