Diljit Dosanjh US Show: शुक्रवार को दिलजीत के लाइव शो के दौरान एक प्रो-खालिस्तान प्रदर्शनकारी स्टेज पर चढ़ गया। इसके बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। जानिए क्या है पूरा मामला।

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के सैन फ्रांसिस्को में हुए कॉन्सर्ट के दौरान एक प्रो-खालिस्तान प्रदर्शनकारी स्टेज पर चढ़ गया, जिससे वहां अचानक हड़कंप मच गया। इस घटना ने कुछ समय के लिए वहां मौजूद दर्शकों को चौंका दिया।
कैसे हुई घटना?
यह घटना शुक्रवार को दिलजीत के लाइव शो के दौरान हुई, जब एक व्यक्ति झंडा लेकर अचानक स्टेज पर पहुंच गया। इससे कुछ देर के लिए सुरक्षा में चूक नजर आई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि, मौके पर मौजूद सिक्योरिटी और स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने उस व्यक्ति को पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।
दिलजीत ने नहीं रोका शो
इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद दिलजीत दोसांझ ने अपना शो नहीं रोका। जैसे ही उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, दिलजीत ने फिर से अपना परफॉर्मेंस शुरू कर दिया और डांस करते हुए दर्शकों का मनोरंजन जारी रखा। उन्होंने पूरे शो के दौरान एंटरटेनमेंट और लोगों को जोड़ने का संदेश दिया।
पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां
बताया जा रहा है कि यह घटना हाल ही में सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों से जुड़ी हो सकती है। कुछ कट्टरपंथी समूह, जैसे ‘सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ)’, दिलजीत के मेनस्ट्रीम इंडियन मीडिया में आने को लेकर विरोध जता रहे थे।
दिलजीत पहले भी साफ कर चुके हैं कि जो भी उनके फैंस को परेशान करेगा या शो में बाधा डालने की कोशिश करेगा, उसे स्थानीय प्रशासन की मदद बाहर कर दिया जाएगा।
टूर का हुआ समापन
यह घटना ऐसे समय पर हुई जब दिलजीत दोसांझ का नॉर्थ अमेरिका ‘ऑरा वर्ल्ड टूर 2026’ खत्म हो रहा था। इस टूर का आखिरी शो 20 और 21 जून 2026 को सैन फ्रांसिस्को के चेस सेंटर में हुआ।


