प्रदेश सरकार के रजिस्ट्री कार्यालय को निजी क्षेत्र को सौंपने के प्रस्ताव के विरोध में अधिवक्ताओं, स्टांप वेंडर और कातिबों ने बुधवार को भी काम बंद हड़ताल की साथ ही दि बार एसोसिएशन सासनी के सदस्यों ने अपने चेंबर बंद रखे। सभी ने जमकर प्रदर्शन किया और समस्या का समाधान न होने तक आंदोलन की चेतावनी दी। 
बुधवार को कातिबों, स्टांप बैंडरों तथा अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण बैनामा और मुकदमों की पैरवी के लिए तहसील आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। काम न होने के कारण कई लोग बिना कार्य कराए ही वापस लौट गए। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक सरकार अपना यह फैसला वापस नहीं लेती, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को जिला स्तर से बढ़ाकर प्रदेश स्तर पर ले जाया जाएगा। इस दौरान तहसील परिसर में सन्नाटा पसरा रहा और प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे भी लगाए। प्रदर्शन करने वालों में राजेश लवानिया, राजेश शर्मा, संतोष शर्मा, योगेश शर्मा, संजीव कुमार, गौरीशंकर, केपी सुमन, प्यारेलाल शर्मा, अनिल कुमार गुप्ता सहित कई अधिवक्ता, टाइपिस्ट और स्टांप वेंडर शामिल थे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS