अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में सोमवार को कस्बा स्थित के.एल. जैन इंटर कॉलेज में भव्य योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
सोमवार को आयोजित कार्रक्रम में आयुष विभाग के अधिकारियों, कॉलेज स्टाफ, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपक जैन एवं ब्रह्मकुमारी केंद्र सासनी की कोमल बहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इस मौके पर योग सप्ताह के नोडल अधिकारी डॉ. सुशील कुमार एवं डॉ. सतेंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. शिखा, डॉ. दीपा और डॉ. लालता प्रसाद पाली ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास ही स्वस्थ जीवन का मूल आधार है। योग न सिर्फ शरीर को निरोग रखता है, बल्कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक तनाव से भी मुक्ति दिलाता है।प्राणायाम और ध्यान का कराया अभ्यासयोग प्रशिक्षक हिमानी व सुदेश कुमार ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों के साथ प्राणायाम और ध्यान का गहन अभ्यास कराया। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न आयुर्वेद चिकित्सालयों के चिकित्सकों और विभागीय कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक चलने वाले इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। नोडल अधिकारियों ने बताया कि योग सप्ताह के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में योग प्रशिक्षण शिविर, जन-जागरूकता रैलियां और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग के चमत्कारी लाभों के प्रति जागरूक करना है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


