आंधी ने मचाई तबाही: बरेली में 124 खंभे क्षतिग्रस्त, शहर में बिजली आपूर्ति ठप, पानी संकट से बढ़ी परेशानी

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

बरेली में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। आंधी के कारण आठ बिजली उपकेंद्र ठप हो गए और करीब 125 खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

Storm wreaks havoc power system collapses due to eight substations shut down in bareilly

बरेली में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। मौसम के कहर से शहर का लगभग आधा हिस्सा रातभर अंधेरे में डूबा रहा। आंधी के कारण आठ बिजली उपकेंद्र पूरी तरह ठप हो गए, जबकि करीब 125 बिजली खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा लगभग 150 पेड़ और उनकी टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। शहर से लेकर देहात तक आंधी को कहर देखने को मिला है।

कई इलाकों में पानी का संकट 
बिजली गुल होने से हजारों उपभोक्ताओं को रातभर गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं सुबह तक बिजली बहाल न होने के कारण कई इलाकों में पानी का संकट भी खड़ा हो गया। घरों के इन्वर्टर डाउन हो गए। 

रात से ठप है बिजली आपूर्ति 
शहर के राजेंद्र नगर, इज्जतनगर, सनसिटी, महानगर, रामगंगानगर समेत कई क्षेत्रों में सुबह नौ बजे तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। इसके अलावा करीब 50 फीडरों पर लोकल फॉल्ट के चलते उपभोक्ता रातभर बिजली संकट से जूझते रहे।

मरम्मत कार्य में जुटी टीमें 
बिजली निगम की टीमें रातभर मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। अधिशासी अभियंता (11 केवी वर्टिकल) ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि क्षतिग्रस्त लाइनों और उपकरणों को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य और सुचारु बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

टांसफार्मर गिरा, पोल टूटे 
आंधी के दौरान लंगड़ा बाग वाली पकड़िया के साथ ट्रांसफार्मर गिरा और दो पोल टूट गए। सर्किट हाउस के पास बिजली का पोल टेढ़ा हो गया। इसके अलावा शहर के अलग-अलग हिस्सों में भारी तबाही हुई है। जिलेभर में सैकड़ों पेड़ गिरे हैं। 

आपूर्ति बहाली में जुटा स्टाफ 
बरेली जोन के मुख्य अभियंता ने बताया कि विभाग का स्टाफ आपूर्ति बहाली में जुटा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील की गई है। कहा कि बार-बार फोन न करें, क्योंकि कर्मचारी व्यस्त हैं। विद्युत आपूर्ति शुरू करने से पहले सभी लाइनों का निरीक्षण होगा।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA