Mau News: मऊ जिले में बृहस्पतिवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां टुल्लू पंप में करंट उतरने से महिला उसकी जद में आ गई। उसे बचाने के लिए गए पिता-पुत्र करंट की जद में आ गए, जिससे दोनों की मौत हो गई।

मऊ जिले के रामपुर बेलौली थाना क्षेत्र के मोइद्दीनपुर के प्यारेपुर मिश्र में एक घर में बृहस्पतिवार की सुबह टुल्लू पंप में करंट उतरने से नहाने गई महिला उसकी चपेट में आ गई। इसे देख उसे बचाने गए उसके पति और बेटे ने महिला को बचा लिया लेकिन खुद करंट की जद में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। जहां दोनों की मौत हो गई, वहीं महिला की हालात भी गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कार्रवाई की।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार प्यारेपुर मिश्र निवासी मीना देवी बृहस्पतिवार की सुबह नहाने के लिए घर के आंगन में लगा टुल्लू पंप चालू करने गई। केबिल कटे होने के चलते करंट प्रवाहित होने से वह उसकी जद में आ गई। इस बीच घर के दूसरे कमरे में बैठे मीना के पति देवेंद्र मिश्रा (48 वर्ष) और उनका बेटा नीरज (26 वर्ष) दौड़कर वहां पहुंचे और करंट से मीना को बचाने के प्रयास में जुटे।
दोनों ने मीना को हटा दिया, लेकिन खुद करंट की जद में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। इस बीच करंट के एक झटके से नीरज दूर जा गिरा, जहां उसके सिर में भी गंभीर चोट लग गई। घटना की जानकारी होने पर पड़ोसी पुलिस को सूचना देने के साथ ही तीनों को फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र और नीरज को मृत घोषित कर मीना का प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।