
गांव बव्वा के पास से गुजर रही जवाहरलाल नेहरू नहर में रविवार सुबह नहाने गए दो ममेरे-फुफेरे भाई तेज बहाव में बह गए। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
देर शाम तक बचाव दल दोनों की तलाश में जुटा रहा
घटना की सूचना मिलने के बाद खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनिल कुमार, नाहड़ चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कोसली विजय कुमार ने तुरंत एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। टीम ने पहुंचते ही गोताखोरों और बोट की सहायता से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।




