
प्रचंड गर्मी और शरीर को जलाने वाली चिलचिलाती धूप से आम जनमानस बेहाल है। ऐसे में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सामाजिक संगठन बढ-चढकर अपने हाथ बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में सासनी-नानऊ मार्ग पर स्थित गांव भूतपुरा एचएल ग्लोबल पब्लिक स्कूल के निकट भट्टा पर भारतीय न्याय चक्र फाउंडेशन की ओर से ठंडा शर्बत वितरित करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
मंगलवार को फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु मिश्रा ने आयोजित इस कार्यक्रम के तहत फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ राहगीरों, स्कूली बच्चों और ईंट-भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों को ठंडा व मीठा मैंगो शेक वितरित किया। उन्होने कहा कि निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करना भारतीय संस्कृति और हमारी गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे कार्यों से समाज में आपसी सहयोग, भाईचारा और सद्भावना का एक सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने संकल्प जताते हुए कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी इस प्रकार के जनसेवा और सामाजिक सरोकार के कार्य निरंतर जारी रखेगा।स्टॉल लगाकर राहगीरों को रोक-रोककर पिलाया शेकभीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान राहगीरों को राहत देने के लिए कार्यकर्ताओं ने सड़क पर स्टॉल लगाया। वहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को रोक-रोककर पूरे सम्मान के साथ ठंडा मैंगो शेक पिलाया गया। तपती धूप में ठंडी राहत पाकर राहगीरों और ईंट-भट्टा मजदूरों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और सेवा का जज्बा देखने को मिला। सेवा शिविर को सफल बनाने में फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु मिश्रा के साथ राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण प्रसाद गोला, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रेमलता बहन जी, हाथरस जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गौड़ और हाथरस जिला उपाध्यक्ष दानवीर सिंह आर्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा यश मिश्रा, सुनील कुमार, राहुल कुमार शर्मा, सतीश चन्द्र, भारती तिवारी, निशा, नितिन कुमार, शीतल शर्मा, शोभन कुशवाहा, पुष्पेन्द्र कुमार, देवेन्द्र कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS

