गांव लुटसान रोड पर एक विवाहिता अपने प्रेमी से शादी करने की जिद में करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर के शिखर पर जा बैठी। करीब तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और प्रशासन की सांसें अटका दीं। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरमाना निवासी 30 वर्षीय पूजा पत्नी यशपाल अचानक अपनी ससुराल से निकली और लुटसान रोड पर स्थित टॉवर की चोटी पर जा पहुंची।
मंगलवार दोपहर महिला को इतनी ऊंचाई पर देख क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों के होश उड़ गए और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम नीरज शर्मा, कोतवाली प्रभारी विपिन चैधरी और भारी पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। टॉवर के ऊपर से ही पूजा ने अपने मायके वालों को फोन कर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सासनी के हरी नगर निवासी उसके पिता और भाई भी वहां पहुंच गए। परिजन फोन के जरिए लगातार उससे नीचे उतरने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से नीचे जाल बिछाया और 102 व 108 एम्बुलेंस को भी तैनात कर दिया। वह शांति से टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठी रही। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार महिला सुरक्षित नीचे उतरी, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली। एसडीएम नीरज शर्मा ने बताया कि महिला को सुरक्षित बचाना पहली प्राथमिकता थी। फिलहाल सासनी पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



