महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर ब्लॉक सभागार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जन-आक्रोश महिला पदयात्रा एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं ने एकजुट होकर विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोला और तहसील गेट पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस व सपा का पुतला दहन किया।
मंगलवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित सभा के बाद महिलाओं का हुजूम पदयात्रा के रूप में तहसील मुख्यालय की ओर रवाना हुआ। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए महिलाएं विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी कर रही थीं। तहसील गेट पर पहुंचकर आक्रोशित महिलाओं ने कांग्रेस और सपा के पुतले को चप्पलों से पीटा और उसे आग के हवाले कर दिया। महिलाओं का आरोप था कि महिला सम्मान और सुरक्षा पर हो रहे हमलों के लिए विपक्ष पूरी तरह जिम्मेदार है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि बेटियों का उज्ज्वल भविष्य और महिलाओं का स्वाभिमान हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, जहां महिला सम्मान कमजोर पड़ता है, वहां समाज का विश्वास टूट जाता है। जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने महिलाओं को संगठित रहने का संदेश देते हुए कहा कि भाजपा सरकार में नारी शक्ति सुरक्षित है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। अन्य वक्ताओं ने नारी शक्ति का सम्मान, सुरक्षित समाज का निर्माण के संकल्प के साथ महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह सहित कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी और भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



