मौसम बदलने के बावजूद फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में हीट वेव का असर बना रहेगा।

पंजाब में भीषण गर्मी के बीच आज से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने चार दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मंगलवार से पूरे प्रदेश में इसका असर बढ़ेगा और अधिकतर जिलों में बारिश हो सकती है।
नौ जिलों में हीट वेव, तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर
मौसम बदलने के बावजूद सोमवार को फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में हीट वेव का असर बना रहेगा। विभाग के अनुसार अगले दो दिन तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
हल्की बारिश से मामूली राहत, फिर भी गर्मी बरकरार
राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई जिससे अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई लेकिन यह अब भी सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। बठिंडा सबसे गर्म रहा जहां पारा 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर 39.3, लुधियाना और पटियाला 42.4, फरीदकोट 42.8 और रूपनगर 41.4 डिग्री दर्ज किए गए। न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आई लेकिन यह सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक बना हुआ है।