कस्बा में बारह वफात का जुलूस पुलिस की चाक-चैबंद सुरक्षा व्यवस्था और पैनी नजर के बीच निकाला गया। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार का कोई जाम न लग सके और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
बुधवार को निकाल गये जलूस में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ-साथ युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी भारी संख्या में भाग लिया। इस दौरान पूरा कस्बा धार्मिक नारों और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में पढ़ी जा रही नात व कलाम से गूंज उठा। जुलूस के रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने स्वागत करने के साथ-साथ पानी आदि की उचित व्यवस्था की थी। पुलिस-प्रशासन ने हर संवेदनशील स्थान पर भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। पुलिसकर्मी लगातार जुलूस के साथ-साथ चलते रहे और पल-पल की गतिविधि पर नजर बनाए रहे। 
जुलूस के दौरान मार्ग में यातायात बाधित न हो और आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए कड़े प्रबंध किए थे, जिससे कस्बे के चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा दिखाई दिया। अधिकारियों की लगातार निगरानी और आयोजकों की ओर से शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील के चलते यह धार्मिक आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS

